MP News: गाड़ासरई -समनापुर तहसील बनाई जाएंगी : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, गांव में 24 घंटे बिजली मिलेगी

दैनिक सांध्य बन्धु डिंडोरी। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डिंडोरी में आयोजित आभार सह-उपहार कार्यक्रम में भाग लिया और जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने 147 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से 38 विकास कार्यों की सौगात दी और गाड़ासरई और समनापुर को तहसील बनाने की घोषणा की। 

उन्होंने गांवों में 24 घंटे बिजली देने और नर्मदा किनारे बसे शहरों में घाटों के निर्माण का आश्वासन दिया। साथ ही, मुख्यमंत्री ने आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज खोलने और शव वाहन व एंबुलेंस उपलब्ध कराने की भी घोषणा की। 

रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों को 1250 रुपये के साथ अतिरिक्त 250 रुपये राखी के शगुन के रूप में देने की घोषणा की। इसके अलावा, बहनों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर भी उपलब्ध कराने का वादा किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे और किसान भाइयों की स्थिति में सुधार किया जाएगा। इस दौरान, उन्होंने लाभार्थी महिलाओं को आभार पत्र और उपहार का संदेश भी दिया।

मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान कलेक्टर हर्ष सिंह ने आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते और अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post