दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। परियट नदी के मगरमच्छ अब रिहायशी क्षेत्रों में भी अपना बसेरा बना रहे हैं। हाल ही में घाना ग्राम पंचायत की गोकलनगरी कॉलोनी के पास के खेत में तीन मगरमच्छ दिखाई देने से स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। कालोनी में रहने वाले गणेश श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने अपने घर की छत से जब खेत में मगरमच्छ देखा तो उनके होश उड़ गए।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग को तुरंत इसकी सूचना दी और मांग की कि मगरमच्छों को सुरक्षित रूप से वहां से हटाया जाए, क्योंकि खेत के आसपास कई घर बने हुए हैं। इस घटना ने लोगों को चिंतित कर दिया है, क्योंकि पहले भी मगरमच्छ नाली के सहारे रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच चुके हैं।
वन्य प्राणी विशेषज्ञ शंकरेन्दुनाथ ने कहा कि घाना क्षेत्र में कॉलोनियों के बढ़ते निर्माण के कारण मगरमच्छ यहां तक पहुंच रहे हैं और खेतों में अंडे दे रहे हैं, जिससे उनकी संख्या में वृद्धि हो रही है। उन्होंने वन विभाग से आग्रह किया है कि मगरमच्छों को पकड़ा जाए और उन्हें सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए, ताकि स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार के खतरे से बचाया जा सके।
इस घटना ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी कर दी है।
