MP News: पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह के बंगले पर चोरी

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। वीवीआईपी क्षेत्र चार इमली स्थित पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के विधायक बेटे जयवर्धन सिंह के बंगले पर चोरी की घटना हुई है। चोरों ने बंगले से नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और फोरेंसिक साइंस लैब की टीम ने फिंगरप्रिंट्स भी लिए हैं। सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्धों की पहचान की जा रही है। 

हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी को हिरासत में नहीं लिया है, लेकिन संदिग्धों से पूछताछ जारी है। इस मामले में जयवर्धन सिंह ने सिर्फ़ 12 हजार रुपये की नकदी चोरी होने की पुष्टि की है। 

इस घटना के बाद दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर सरकार और पुलिस को निशाने पर लेते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब थाने की पोस्टिंग के लिए बोली लगती है, तो इसी तरह की घटनाएं होती हैं।

जयवर्धन सिंह का सरकारी बंगला सीबीआई दफ्तर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे इस घटना के बाद पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। चार इमली क्षेत्र भोपाल का सबसे ज्यादा वीवीआईपी इलाका माना जाता है, जहां मंत्रियों और उच्च अधिकारियों के आवास हैं। इसके बावजूद इस चोरी की घटना ने पुलिस की कार्यक्षमता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post