दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। कोलकाता में 8 अगस्त को एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए रेप और हत्या के विरोध में देशभर में डॉक्टरों का प्रदर्शन जारी है। इस विरोध के तहत भोपाल के हमीदिया अस्पताल के 250 से अधिक जूनियर डॉक्टर (जूडा) गुरुवार रात 12 बजे से हड़ताल पर जाएंगे।
इससे पहले, डॉक्टर काली पट्टी बांधकर अपना विरोध जता रहे थे। हड़ताल के चलते हमीदिया अस्पताल की ओपीडी सेवाओं पर बड़ा असर पड़ने की आशंका है, जहां रोजाना एक हजार से अधिक मरीज आते हैं।
हड़ताल से निपटने के लिए डॉक्टर्स की छुट्टियां निरस्त
हमीदिया कॉलेज के डीन डॉ. एन. सिंह ने हड़ताल को देखते हुए सभी डॉक्टर्स की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं और मेडिकल टीचर्स को इमरजेंसी, ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर, और वार्ड में तैनात करने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर मेडिकल इंटर्न्स को भी तैनात करने की बात कही गई है।
सेंट्रल डॉक्टर प्रोटेक्शन एक्ट की मांग
जूडा प्रवक्ता कुलदीप गुप्ता ने बताया कि वे सेंट्रल डॉक्टर प्रोटेक्शन एक्ट की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में जीएमसी डीन को हड़ताल का नोटिस भी दिया गया है। हड़ताल के दौरान केवल इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी, जबकि रूटीन और ओपीडी सेवाओं में जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे।
