दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गौवर्धन पूजन का जिला स्तरीय आयोजन गीताधाम गौशाला, गौरीघाट में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह मुख्य अतिथि और सांसद आशीष दुबे अध्यक्षता कर रहे थे। इस आयोजन का उद्देश्य गौमाता के संरक्षण और समाज में गौ रक्षा के महत्व को उजागर करना था।
गौवर्धन पूजा की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस अवसर पर सांसद श्री आशीष दुबे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गौ रक्षा आज के समय की सबसे ज्वलंत आवश्यकता है। उन्होंने गौमाता के दूध से पोषण और गोबर के एंटीबायोटिक गुणों पर प्रकाश डाला, साथ ही समाज से अपने दायित्वों को निभाकर गौमाता को संरक्षित करने का आग्रह किया।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मुख्यमंत्री द्वारा केबिनेट बैठक में पारित प्रस्ताव का उल्लेख किया, जिसमें सार्वजनिक रूप से गौवर्धन पूजा के आयोजन की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि गौ माता की स्थिति को सुधारना ही सच्ची गौवर्धन पूजा है। उन्होंने लोगों से गौमाता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया और गौमाता की आध्यात्मिक एवं पर्यावरणीय महत्वता को रेखांकित किया।
कार्यक्रम को स्वामी नरसिंहदास जी महाराज ने भी संबोधित किया। उन्होंने गौशाला की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर चर्चा करते हुए गौवंश के संरक्षण और गौशाला के उन्नयन में जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान गौवंश को घास खिलाई गई और गौसेवकों को तुलसी का पौधा देकर सम्मानित किया गया। साथ ही रंगोली प्रतियोगिता में भाग लेने वाली बच्चियों को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर विधायक अशोक रोहाणी, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, और कलेक्टर दीपक सक्सेना सहित कई अधिकारी और गौसेवक उपस्थित थे।