दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाने में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष प्रशांत दुबे के खिलाफ जमीन कब्जा करने और मारपीट के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़ित साहिल नागदेव ने आरोप लगाया है कि दुबे ने अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल करते हुए टिंबर व्यवसाय से जुड़ी जमीन पर जबरन फेंसिंग की और आपत्ति जताने पर उनके साथ मारपीट की गई।
साहिल नागदेव, जो मदनमहल क्षेत्र में अपने पिता के साथ टिंबर का व्यवसाय करते हैं, ने बताया कि विवादित जमीन पहले उनके नाना की थी, जिसे रिश्तेदार रमेश कुमार तुलसानी को दिया गया था। बाद में जमीन को लेकर विवाद हुआ और साहिल के अनुसार, उन्होंने पैसे देकर वह जमीन दोबारा वापस ले ली। बावजूद इसके, तुलसानी ने वही जमीन बीजेपी नेता प्रशांत दुबे को बेच दी।
![]() |
साहिल नागदेव |
मामले की शिकायत मंगलवार रात गढ़ा थाने में दर्ज की गई। पुलिस ने प्रशांत दुबे के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी संपत उपाध्याय ने मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है और कहा है कि दोबारा विवाद की स्थिति बनने पर मौके पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
![]() |
मंडल अध्यक्ष प्रशांत दुबे |
पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों के दस्तावेज और बयानों के आधार पर जांच में जुटी है।