Jabalpur News: जबलपुर को विज्ञान मेले से मिलेगी नई पहचान – कलेक्टर सक्सेना

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। महाकौशल क्षेत्र में पहली बार होने जा रहे "महाकौशल विज्ञान मेला" के संबंध में कलेक्टर दीपक सक्सेना की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि 15 नवम्बर से 18 नवम्बर तक जबलपुर के वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में इस विज्ञान मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में ख्यातिलब्ध वैज्ञानिक डॉ. सोमनाथ और डॉ. सुधीर मिश्रा सहित अन्य वैज्ञानिकों की सहभागिता रहेगी। इस आयोजन के माध्यम से जबलपुर को देश में एक नई पहचान मिलने की संभावना जताई जा रही है।

इस विज्ञान मेले के दौरान विज्ञान के विभिन्न पहलुओं को लेकर कुल 12 व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। इन व्याख्यानों के माध्यम से युवाओं को विज्ञान की विभिन्न विधाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को प्रेरित किया जाएगा। मेले में 150 से अधिक विज्ञान से संबंधित स्टॉल्स लगाए जाएंगे, जिनका उद्देश्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी के प्रति लोगों का रुझान बढ़ाना है। साथ ही, विज्ञान संगोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजन का हिस्सा होंगे।

कलेक्टर सक्सेना ने बैठक में जोर देकर कहा कि इस मेले को व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों को समय रहते सुनिश्चित किया जाए। इस बैठक में अपर कलेक्टर मिशा सिंह, महाकौशल विज्ञान परिषद के अध्यक्ष डॉ. एसपी गौतम, विज्ञान भारती के पदाधिकारी अंकित राय सहित कई अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post