दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना चरगंवा के देवरी टपरिया गांव में 26 वर्षीय मनोज ठाकुर की हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने उसके रिश्ते के भतीजे धर्म ठाकुर (19 वर्ष) को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। मनोज का रक्तरंजित शव 31 अक्टूबर को गांव के ही रत्नेश ठाकुर के खेत में पाया गया था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभिषेक प्यासी ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस को मनोज के भाई ने बताया कि 30 तारीख की सुबह 8 बजे मनोज घर से निकला था, लेकिन वह रात में घर नहीं लौटा। अगली सुबह गांव के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि मनोज रत्नेश ठाकुर के खेत के पास खून से लथपथ पड़ा है। घटनास्थल पर मनोज के सिर, आंख और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे खून बह रहा था।
जांच के दौरान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोनाली दुबे और नगर पुलिस अधीक्षक बरगी सुनिल नेमा के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मनोज के साथियों और संदिग्धों से पूछताछ की। मनोज के भतीजे धर्म ठाकुर पर तब शक गहरा गया, जब पुलिस ने देखा कि उसकी शर्ट पर खून के निशान थे। एफएसएल जांच में यह खून मनोज का ही पाया गया।
कड़ी पूछताछ में धर्म ने हत्या की बात कबूल की। उसने बताया कि 30 तारीख को मनोज चाचा ने उसे शराब और मुर्गे की पार्टी के लिए बुलाया था। पार्टी के दौरान मनोज ने उस पर पैसे कम देने का आरोप लगाया, जिससे दोनों में विवाद हो गया। गुस्से में आकर मनोज ने खेत में पड़ी लकड़ी उठाकर धर्म की पीठ पर मारी। इसके बाद धर्म ने उसी लकड़ी से मनोज के सिर और चेहरे पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद धर्म वहां से भाग गया था। पुलिस ने धर्म ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है।