पाकिस्तान: क्वेटा रेलवे स्टेशन पर धमाके में 21 लोगों की मौत, 46 घायल

बलूचिस्तान। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह हुए भीषण धमाके में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। इस हमले की ज़िम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी ने ली है। इस धमाके में 46 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

एसएसपी ऑपरेशंस मोहम्मद बलूच के अनुसार, धमाके के समय प्लेटफॉर्म पर करीब 150 से 200 लोग मौजूद थे, जो ज़फ़र एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। इस भीड़ में सैनिक भी शामिल थे, जो धमाके में हताहत हुए हैं। घायलों को जल्द ही क्वेटा के सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कई लोगों की हालत नाज़ुक बताई है।

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफ़राज़ बुगती ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है और घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा, "इस तरह की घटनाएं निर्दोष नागरिकों को डराने की साज़िश है। आतंकियों के खिलाफ राज्य में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।"

धमाके के बाद क्वेटा रेलवे स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारी इस हमले की विस्तृत जांच कर रहे हैं और घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर रहे हैं ताकि ज़िम्मेदारों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post