दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से जबलपुर पुलिस ने बीती रात 5 घंटे का सघन कांबिंग अभियान चलाया। एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले के सभी थानों के पुलिस बल ने आधी रात से सुबह 5 बजे तक शहर और ग्रामीण इलाकों में गश्त की। इस अभियान में पुलिस ने 295 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें कई शातिर अपराधी, इनामी बदमाश, फरार आरोपी और हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं।
कांबिंग गश्त का सुपरविजन एएसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों ने किया। एसपी सम्पत उपाध्याय रातभर वायरलेस सेट के जरिए दिशा-निर्देश देते रहे। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के प्रमुख इलाकों में संदिग्धों की गहन जांच की गई।
इस कार्रवाई में 138 गैर-म्यादी और 157 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा गया। इसके अलावा, 117 जमानती वारंट भी तामील किए गए। लंबे समय से फरार 5 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
रात में घूमने वाले संदिग्धों को रोककर उनकी गहन पूछताछ की गई। बाइक और कार सहित अन्य वाहनों की बारीकी से जांच की गई। वाहन चालकों से उनका नाम, पता, मोबाइल नंबर और यात्रा का कारण पूछकर रजिस्टर में दर्ज किया गया।
एसपी सम्पत उपाध्याय ने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराधियों और अपराध में सहयोग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गश्त के दौरान बल को यह निर्देश दिया गया कि जनसामान्य को कोई परेशानी न हो। अस्पताल जाने वाले लोगों को सामान्य पूछताछ के बाद तुरंत जाने दिया गया।