दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। कांग्रेस नेता विशाल (गोलू) अग्निहोत्री के चंदन नगर स्थित घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापा मारा है। सोमवार को दुबई से लौटे गोलू को इंदौर एयरपोर्ट पर ही हिरासत में ले लिया गया। उनके घर के बाहर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की सुरक्षा तैनात है।
ईडी ने गोलू अग्निहोत्री के घर से कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई उज्जैन में सटोरिए पीयूष चोपड़ा की गिरफ्तारी से जोड़ी जा रही है। चंदन नगर पुलिस को इस छापेमारी की कोई जानकारी नहीं दी गई।
14 जून 2024 को उज्जैन पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में 14.58 करोड़ रुपये नकद, 41 मोबाइल, 19 लैपटॉप और विदेशी सिम कार्ड सहित 7 देशों की मुद्रा जब्त की थी। इस मामले में मुख्य आरोपी पीयूष चोपड़ा था। अब इसी जांच में गोलू अग्निहोत्री का नाम सामने आया है।गोलू अग्निहोत्री, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के खास समर्थक माने जाते हैं। वे वर्तमान में इंदौर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष हैं। हालांकि, 2013 और 2018 में इंदौर-4 विधानसभा सीट से टिकट पाने की उनकी दावेदारी असफल रही थी। इसके बाद उन्हें संगठन में अहम जिम्मेदारी दी गई।
गोलू के घर पर सुरक्षाकर्मी किसी को अंदर जाने नहीं दे रहे हैं।