दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2025 के तय कार्यक्रम के अनुसार जिले की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। निर्वाचन नामावली के अंतिम प्रकाशन के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी देने आज शाम कलेक्टर कार्यालय में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक भी आयोजित की गई। इस अवसर पर मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की प्रति भी सौंपी गई।
बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश से प्राप्त फोटो निर्वाचन नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2025 कार्यक्रमानुसार जिले में 29 अक्टूबर को फोटो निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन किया गया था तथा प्रारूप प्रकाशन पर 28 नवम्बर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गई थीं। प्राप्त दावे-आपत्तियों के निराकरण के बाद आज सोमवार 6 जनवरी को जिले में सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों तहसीलों तथा मतदान केन्द्रों पर निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन किया गया।
बैठक में बताया गया कि जबलपुर जिले में प्रारूप प्रकाशन की स्थिति में कुल मतदाता की संख्या 19 लाख 02 हजार 058 थी। जिसमें पुरूष मतदाता 9 लाख 65 हजार 393, महिला मतदाता 9 लाख 36 हजार 569 एवं अन्य (थर्ड जेण्डर) 96 शामिल थे। मतदाता सूची अंतिम प्रकाशन में मतदाताओं की यह संख्या में 8 हजार 449 की वृद्धि हुई है। अंतिम प्रकाशन के समय जिले में 6 जनवरी की स्थिति में कुल मतदाता की संख्या 19 लाख 10 हजार 507 हो गई है। इसमें पुरूष मतदाता 9 लाख 68 हजार 586, महिला मतदाता 9 लाख 41 हजार 830 एवं अन्य (थर्ड जेण्डर) की संख्या 91 हो गई है।
बैठक में दी गई जानकारी के मुताबिक प्रारूप प्रकाशन से लेकर मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक जिले की विधानसभा क्षेत्र पाटन के मतदाताओं की संख्या 2 लाख 58 हजार 575 से 1 हजार 699 बढ़कर 2 लाख 60 हजार 274 हो गई है। इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र बरगी के मतदाताओं की संख्या 2 लाख 45 हजार 493 से 1 हजार 841 बढ़कर 2 लाख 47 हजार 334, विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पूर्व के मतदाताओं की संख्या 2 लाख 51 हजार 713 से 913 बढ़कर 2 लाख 52 हजार 626, विधानसभा क्षेत्र जबलपुर उत्तर के मतदाताओं की संख्या 2 लाख 18 हजार 306 से 973 बढ़कर 2 लाख 19 हजार 279, विधानसभा क्षेत्र जबलपुर केंट के मतदाताओं की संख्या 1 लाख 89 हजार 466 से 808 बढ़कर 1 लाख 90 हजार 274, विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पश्चिम के मतदाताओं की संख्या 2 लाख 37 हजार 273 से 979 बढ़कर 2 लाख 38 हजार 252, विधानसभा क्षेत्र पनागर के मतदाताओं की संख्या 2 लाख 73 हजार 410 से 97 घटकर 2 लाख 73 हजार 313 तथा विधानसभा क्षेत्र सिहोरा के मतदाताओं की संख्या 2 लाख 27 हजार 822 से 1 हजार 333 बढ़कर 2 लाख 29 हजार 155 हो गई है।
जबलपुर जिले का मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के समय लिंगानुपात 970 था। अंतिम प्रकाशन में लिंगानुपात बढ़कर 972 हो गया है। इसी प्रकार प्रारूप प्रकाशन में ईपी रेशियो 67.33 था, जो बढ़कर 67.63 हो गया है। जिले में 18 से 19 वर्ष के युवा मतदाताओं की कुल संख्या 17 हजार 802 से 5 हजार 333 बढ़कर 23 हजार 135 हो गई है। अंतिम प्रकाशन में मतदाताओं की कुल संख्या में 85 वर्ष से अधिक की आयु के 7 हजार 694 वरिष्ठ मतदाता, 22 हजार 154 दिव्यांग मतदाता तथा 1 हजार 842 सर्विस वोटर्स भी शामिल हैं।
बैठक में अपर कलेक्टर नाथूराम गोंड एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेंद्र सिंह तथा राजनैतिक दलों की ओर से एडव्होकेट चित्रकान्त शर्मा, आंनद साहू, श्याम सुंदर सिंह यादव, मोतीलाल अहिरवार, राजेश जायसवाल, रितेश सिंह, आदेश दुबे, रामकुमार पासी, बृजेश दुबे, लक्ष्मण चौधरी, गिरजेश श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।