Jabalpur News: मूर्तिकार हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, महिला को जेल भेजा, सुपारी देकर कराई गई थी मनोज बाबा की हत्या; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में 4 सितंबर की देर रात मूर्तिकार मनोज उर्फ बाबा सोनकर की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी सुमित चौधरी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वहीं गिरफ्तार महिला आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में महिला के पति की भूमिका भी सामने आई है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे मनोज उर्फ बाबा सोनकर अपने भांजे पुष्कर सोनकर, पत्नी विमला सोनकर और बेटे अनुराग सोनकर के साथ मथुरा सेठ की बाड़ी में मूर्ति बनाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान रोहित मराठा और चिंटू उर्फ भरत यादव वहां पहुंचे।

मृतक
आरोप है कि  चिंटू उर्फ भरत यादव ने रोहित से कहा कि बाबा को आज जान से खत्म कर दो। इसके बाद रोहित ने पिस्टल निकालकर मनोज सोनकर पर गोली चला दी। गोली मनोज की गर्दन के पीछे लगी और वह जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें ई-रिक्शा से मेट्रो अस्पताल ले गए, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान पुलिस को हत्या की साजिश पहले से रचे जाने के संकेत मिले हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक महिला आरोपी ने अपने पति के साथ मिलकर सुमित चौधरी और उसके साथियों को मूर्तिकार की हत्या की सुपारी दी थी।

पुलिस रिमांड पर लिए गए सुमित चौधरी से वारदात में शामिल अन्य आरोपियों, हथियार और हत्या की वजह के संबंध में पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हनुमानताल सुभाषचंद्र बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post