दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में गणेश उत्सव से पहले एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मथुरा सेठ के पास पंडाल में भगवान गणेश की प्रतिमाओं को अंतिम रूप दे रहे मूर्तिकार बब्बा सोनकर उर्फ मनोज सोनकर (48-50 वर्ष) की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि बब्बा सोनकर देर रात पंडाल में गणेश प्रतिमाओं को आकार देने के काम में जुटे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने पीछे से उन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
घायल बब्बा सोनकर को पहले हनुमानताल थाने ले जाया गया, जहां से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के प्रयास किए, लेकिन उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर में एक गोली लगी है।हनुमानताल पुलिस ने हत्या की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मृतक का मराठा समुदाय के कुछ लोगों से पुराना विवाद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी इस एंगल की पुष्टि कर रही है और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Tags
jabalpur
