दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नरसिंहपुर। जिले के गाडरवारा में एनटीपीसी के दो इंजीनियर्स के साथ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में भाजपा नेता अजीत उर्फ लकी कौरव को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना 30 अगस्त की शाम करीब 5 बजे गाडरवारा रेलवे स्टेशन स्थित साइकिल स्टैंड की है। एनटीपीसी में पदस्थ इंजीनियर रोहित गौतम और सैय्यद नूरुद्दीन को वहां बुलाया गया था। आरोप है कि मौके पर चार लोगों ने दोनों इंजीनियर्स को घेर लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए गाली-गलौज की। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
नकदी के साथ UPI से भी कराए पैसे ट्रांसफर
आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने दोनों इंजीनियर्स से करीब 4 से 5 हजार रुपए नकद छीन लिए। इसके बाद उनसे जबरन UPI के माध्यम से ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर कराए गए।
पीड़ित इंजीनियर्स की शिकायत पर गाडरवारा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2), 309(6), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।
भाजपा नेता गिरफ्तार, तीन आरोपी फरार
जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अजीत उर्फ लकी कौरव को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी भाजपा नेता शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह का करीबी है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई पीड़ितों की शिकायत और जांच में सामने आए आरोपों के आधार पर की गई है।
गाडरवारा थाना प्रभारी अशोक सिंह चौहान ने बताया कि दोनों पीड़ित एनटीपीसी में इंजीनियर हैं। उनकी शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि तीन फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Tags
madhya pradesh
