दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोतीनाला के चार खंभा के पास उस वक्त हड़कंप और सनसनी मच गई, जब स्थानीय लोगों ने एक मासूम शिशु का शव मृत अवस्था में पड़ा देखा। घटना की जानकारी तुरंत हनुमानताल पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की जानकारी देते हुए हनुमानताल थाना प्रभारी ने बताया कि कंट्रोल रूम व स्थानीय नागरिकों के माध्यम से सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल पर लगभग 3 से 4 माह के एक बालक का शव मिला है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।
मोतीनाला क्षेत्र में पास ही स्थित प्रसूतिका गृह (प्रसूति अस्पताल) की मौजूदगी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस टीम आसपास के क्षेत्र में पूछताछ करने के साथ-साथ अस्पताल के हालिया डिलीवरी रिकॉर्ड्स और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
Tags
jabalpur
