Jabalpur Breaking News: बंद पड़ी BSNL टेलीग्राफ फैक्ट्री में बड़ा हादसा, जर्जर दीवार गिरने से 2 मजदूरों की दर्दनाक मौत; देखे वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के रानीताल क्षेत्र स्थित लंबे समय से बंद पड़ी BSNL टेलीग्राफ फैक्ट्री परिसर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जर्जर भवन और शेड को तोड़े जाने के दौरान अचानक एक ऊंची दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त काम कर रहे 10 से अधिक मजदूरों में से दो मजदूर मलबे की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।


दीवार पर चढ़कर निकाल रहे थे शेड

BSNL फैक्ट्री के अधिकारी एमएल मेहरा के अनुसार, बंद पड़ी फैक्ट्री से स्टील के शेड हटाने का ठेका जयपुर की फर्म 'एएस स्टील' को दिया गया था। फर्म द्वारा पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों से मजदूरों को काम पर लगाया गया था।

बुधवार सुबह करीब 11 बजे मजदूर दीवार पर चढ़कर स्टील का शेड निकाल रहे थे, तभी जर्जर दीवार अचानक ढह गई। हादसे में मृत मजदूरों की पहचान नसीम और अकबर के रूप में हुई है, जो लंबे समय से इस साइट पर कार्यरत थे।

बारिश से कमजोर हुई थी इमारत

शुरुआती जांच और अधिकारियों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण पुरानी इमारत और दीवारें काफी कमजोर हो चुकी थीं। जर्जर ढांचे पर सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज कर काम कराया जा रहा था या नहीं, पुलिस इसकी भी पड़ताल कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही मदनमहल थाना पुलिस और नगर निगम की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। राहत कार्य चलाकर मलबे में दबे दोनों मजदूरों के शवों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया है। 

ठेकेदार के पास उपलब्ध दस्तावेजों के जरिए मृतकों के मूल निवास स्थान का विवरण जुटाया जा रहा है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मदनमहल थाना पुलिस हादसे के सटीक कारणों, ठेकेदार की लापरवाही और कार्यस्थल पर सुरक्षा इंतजामों की गहन जांच कर रही है। हादसे के तुरंत बाद जब स्थानीय मीडिया कवरेज के लिए पहुंची, तो फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। रेस्क्यू टीम द्वारा परिसर की जांच की जा रही है कि मलबे में कोई अन्य मजदूर तो नहीं फंसा है।



Post a Comment

Previous Post Next Post