दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोर शुभ आशीष ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार, गंगा मैया विश्वकर्मा मंदिर के पास रहने वाले किराना व्यापारी मनीष बाजपेई ने बताया कि उनके छोटे भाई आशीष बाजपेई (जो इंदौर में प्राइवेट जॉब करते हैं) की पत्नी का निधन काफी समय पहले हो चुका था। तभी से वे अपने भतीजे शुभ आशीष का पालन-पोषण कर रहे थे।
लगभग एक महीने पहले शुभ आशीष की तबीयत खराब हुई थी, जिसके बाद से उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं चल रहा था। इस दौरान उसने 4 से 5 बार फांसी लगाने का प्रयास भी किया था।
परिजनों के अनुसार, 1 सितंबर को शुभ आशीष को इलाज और काउंसलिंग के लिए मेडिकल कॉलेज के मनोचिकित्सक के पास ले जाया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया था कि उसका दिमागी संतुलन बिगड़ रहा है, जो इलाज से ठीक हो सकता है या स्थिति गंभीर होने पर कोमा में जा सकता है। परिजन उसे वापस घर ले आए। ताकी मन में गलत विचार न आएं, ताऊ मनीष उसे अपनी किराना दुकान पर ही बिजी रखने की कोशिश कर रहे थे।
दुकान पर मौजूदगी के दौरान ही शुभ आशीष अचानक चुपके से स्कूटी पेप लेकर घर से निकल गया। करीब 10 मिनट बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मोहल्ले के युवकों ने रामलीला मैदान स्थित खण्डहर VFJ स्कूल के पंडाल की झाड़ियों में स्कूटी खड़ी देखी। अंदर जाकर देखने पर शुभ आशीष फांसी के फंदे पर लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर मर्ग कायम कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
Tags
jabalpur
