दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के आधारताल क्षेत्र स्थित 'गोल्डन ब्रायलर चिकन सेंटर' का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने खाद्य सुरक्षा और मांस की गुणवत्ता को लेकर हड़कंप मचा दिया है। स्थानीय नागरिकों द्वारा बनाए गए इस वीडियो में एक ट्रक से मुर्गे उतारे जाते दिख रहे हैं। आरोप लगाया जा रहा है कि बिक्री के लिए चिकन सेंटर पर मृत मुर्गे पहुंचाए जा रहे थे। हालांकि, वीडियो की सत्यता और आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना बाकी है।
मामला सामने आने के बाद हिंदू धर्म सेना के मुकेश रजक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। मुकेश रजक ने प्रशासन से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ के खिलाफ निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वायरल वीडियो का कड़ा संज्ञान लेते हुए नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार ने हेल्थ ऑफिसर को तुरंत मौके पर भेजकर विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में नियमों का उल्लंघन या आम जनता की सेहत से खिलवाड़ पाया जाता है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags
jabalpur
