Jabalpur News: संपत्ति विवाद में पिता ने साथियों संग वकील बेटे को पीटा, सीनियर एडवोकेट भी घायल

Ai Image
दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर एक वकील और उनके सीनियर एडवोकेट के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गुरुकुल स्कूल के पास धनवंतरीनगर निवासी 38 वर्षीय रूपेन्द्र पटेल ने पुलिस को बताया कि वह पेशे से वकील है और उसका अपने पिता दुर्गा प्रसाद पटेल से पूर्व से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है। रूपेन्द्र जिला कोर्ट से अपने सीनियर एडवोकेट रणवीर सिंह चौहान की हीरो होंडा मोटरसाइकिल पर बैठकर घर लौट रहा था। दोनों जब गुरुकुल तिराहे के पास पहुंचे, तभी सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार क्रमांक एमपी 20 सीजी 9804 वहां पहुंची। 

आरोप है कि कार से रूपेन्द्र के पिता दुर्गा पटेल और उनके 4-5 अन्य साथी उतरे तथा गाली-गलौज करते हुए रूपेन्द्र और एडवोकेट रणवीर सिंह चौहान के साथ प्लास्टिक के पाइप से मारपीट करने लगे। मारपीट में रूपेन्द्र की पीठ और बाएं कान के पीछे चोट आई, जबकि रणवीर सिंह को बाएं पैर और पीठ में चोट लगने की बात रिपोर्ट में कही गई है। रूपेन्द्र ने पुलिस को बताया कि मारपीट के दौरान उसके पिता ने दोबारा प्रॉपर्टी में हिस्सा मांगने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी। इसके बाद आरोपी फॉर्च्यूनर कार में बैठकर मौके से चले गए। शिकायत पर थाना संजीवनी नगर पुलिस ने धारा 115(2), 118(1), 191(2), 191(3), 296(ए) और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post