Jabalpur News: नर्मदा दर्शन के लिए निकली महिला से ऑटो चालक ने किया दुष्कर्म, लूटकर हुआ फरार; हनुमानताल पुलिस ने दबोचा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पनागर क्षेत्र से नर्मदा दर्शन के लिए गौरीघाट जा रही एक 30 वर्षीय महिला के साथ ऑटो चालक द्वारा दुष्कर्म, मारपीट और लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस ने मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर देर रात आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल ऑटो जब्त कर लिया है।

मुफ्त में ले जाने का झांसा देकर बैठाया

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पनागर क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय पीड़िता मानसिक रूप से थोड़ी कमजोर है। वह 24 अगस्त की शाम अपने परिजनों को बताए बिना गौरीघाट जाने के लिए पैदल निकली थी। इसी दौरान पनागर रेलवे स्टेशन से सवारी छोड़कर लौट रहे हनुमानताल निवासी ऑटो चालक आजाद ने महिला को अकेला देखा। महिला द्वारा किराए के पैसे न होने की बात कहने पर आरोपी ने उसे मुफ्त में गौरीघाट छोड़ने का झांसा देकर ऑटो में बैठा लिया।

सुनसान रास्ते पर ले जाकर की दरिंदगी

शहर की तरफ जाने के बजाए आरोपी आजाद ऑटो को हाईवे की सर्विस रोड के सुनसान इलाके की ओर ले गया। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी महिला का मोबाइल लूटकर उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया ताकि वह पुलिस या परिजनों से संपर्क न कर सके।

राहगीरों की मदद से पुलिस तक पहुंची पीड़िता

सड़क किनारे रोती-बिलखती पीड़िता को देखकर राहगीरों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय और सीएसपी राजेश्वरी कौरव मौके पर पहुंचे। पीड़िता को ऑटो का नंबर याद न होने के कारण पुलिस ने पनागर और हाईवे रूट के लगभग 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच की।

CCTV फुटेज से ट्रेस हुआ आरोपी

फुटेज में नीले रंग के ऑटो में लाल साड़ी पहनी महिला दिखाई दी, जिसके आधार पर पुलिस ने ऑटो का नंबर और उसके मालिक की जानकारी जुटाई। सीएसपी राजेश्वरी कौरव के मुताबिक, हनुमानताल पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी आजाद को गिरफ्तार कर लिया है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post