दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक शोषण और ब्लैकमेलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। स्कूल के सीनियर छात्र ने छात्रा को झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी और उसके चार अन्य साथियों ने वीडियो के आधार पर छात्रा को डरा-धमकाकर लगातार 8 महीनों तक अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। मंगलवार को पीड़िता के परिजनों द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद शाहपुरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी और एक नाबालिग सहित सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घूमाने के बहाने ले जाकर बनाया वीडियो, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शाहपुरा के एक स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय छात्रा की दोस्ती वर्ष 2025 में उसी स्कूल के 12वीं के छात्र निखिल सिंह राजपूत (18 वर्ष) से हुई थी। दोनों का स्कूल आना-जाना साथ होने लगा।
दिसंबर 2025 में आरोपी निखिल छात्रा को घुमाने का झांसा देकर एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने चोरी-छिपे छात्रा का आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया और बाद में इसे वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा।
मास्टरमाइंड के दोस्तों को लगी भनक, चारों ने मिलकर किया शोषण
कुछ समय बाद मुख्य आरोपी निखिल के दोस्तों—संदीप चौहान, प्रशांत पटेल, सौरभ सिंह और एक अन्य नाबालिग को इस वीडियो के बारे में पता चल गया। संवेदनशील स्थिति का फायदा उठाते हुए इन चारों ने भी छात्रा को वीडियो का डर दिखाकर धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। लोक-लाज और डर के कारण सहमी हुई मासूम कई महीनों तक किसी से अपनी आपबीती नहीं कह सकी।
20 अगस्त को फिर कार में उठाकर ले गए सुनसान जगह
आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके थे कि गत 20 अगस्त को निखिल और उसके साथियों ने स्कूल से बाहर निकलते ही छात्रा को जबरन अपनी कार में बैठा लिया। आरोपी उसे दोबारा एक सुनसान जगह पर ले गए और उसके साथ सामूहिक दरिंदगी की।
सतत हो रहे शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर मंगलवार सुबह पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। घटना सुनते ही आक्रोशित परिजन छात्रा को लेकर तत्काल शाहपुरा थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
5 आरोपी गिरफ्तार, भेजे जाएंगे जेल
नाबालिग छात्रा की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शाहपुरा पुलिस ने तुरंत पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग की गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस टीमों ने तत्काल दबिश देकर मुख्य आरोपी निखिल राजपूत, संदीप चौहान, प्रशांत पटेल, सौरभ सिंह और एक अपचारी (नाबालिग) बालक को चंद घंटों के भीतर हिरासत में ले लिया।
Tags
jabalpur
