Jabalpur News: शराब दुकान के 71,840 रुपये लेकर जा रहे कर्मचारी को रोककर लूट, चार बदमाश फरार

Ai image
दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में शराब दुकान की बिक्री की रकम लेकर ऑफिस जा रहे कर्मचारी को रास्ते में रोककर लूटने का मामला सामने आया है। चार बदमाशों ने कर्मचारी की मोटरसाइकिल के सामने वाहन अड़ाकर उसे गिराया और बैग में रखे 71 हजार 840 रुपये लेकर फरार हो गए। 

कृष्णा सिटी माढ़ोताल निवासी 38 वर्षीय अनिल सिंह ठाकुर ने पुलिस को बताया कि वह पिछले तीन माह से मानेगांव देशी शराब दुकान में काम कर रहा है। गत दिवस दोपहर करीब 12:50 बजे वह काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एमएच 2835 से मानेगांव शराब दुकान से ऑफिस कटंगा, गोरखपुर जाने के लिए निकला था।

अनिल के मुताबिक, उसने मोटरसाइकिल की टंकी पर नीले रंग का बैग रखा था और उसे हैंडल से बांध दिया था। बैग में देशी शराब की बिक्री के 12,210 रुपये और अंग्रेजी शराब की बिक्री के 59,630 रुपये, कुल 71,840 रुपये रखे थे। वह मंडला रोड से भटोली रोड होते हुए रकम ऑफिस में जमा करने जा रहा था।

जैसे ही वह भटोली पुल के आगे मोड़ पर पहुंचा, तभी नीले रंग की एक्टिवा और बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक उसके पास पहुंचे। शिकायत के अनुसार, तीन युवकों ने चेहरा रूमाल या गमछे से ढका हुआ था, जबकि एक युवक का चेहरा खुला था, जिसे देखकर पहचानने की बात पीड़ित ने पुलिस को बताई।

आरोप है कि एक्टिवा सवार युवकों ने अनिल की मोटरसाइकिल के सामने अपनी गाड़ी अड़ा दी, जिससे वह मोटरसाइकिल सहित गिर गया। इसके बाद मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उसके साथ छीना-झपटी और मारपीट की, जबकि एक्टिवा सवार युवक मोटरसाइकिल से बंधा नीले रंग का बैग निकालकर ग्वारीघाट की ओर भाग गया।

अनिल ने शोर मचाते हुए विरोध किया और पत्थर उठाकर मोटरसाइकिल सवार युवकों पर फेंका, जिसके बाद वे भी मौके से भाग गए। चारों आरोपियों की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष बताई गई है। घटना की जानकारी कर्मचारी ने शराब दुकान के मैनेजर गिरीश शिवहरे को दी।

शिकायत पर थाना ग्वारीघाट पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और लूट की रकम बरामद करने के लिए जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post