Jabalpur News: जेल में बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी, बहनों ने मांगा अनोखा उपहार—‘अब कभी अपराध मत करना’; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जबलपुर से ऐसी भावुक तस्वीरें सामने आईं, जिन्होंने हर किसी का दिल छू लिया। नेताजी सुभाषचंद्र बोस केंद्रीय जेल में बंद भाइयों की कलाई पर आज उनकी बहनों ने राखी बांधी। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और उनकी लंबी उम्र की कामना की।

लेकिन इस बार बहनों ने राखी के बदले अपने भाइयों से कोई महंगा तोहफा नहीं मांगा। उन्होंने भावुक होकर कहा— “अब कभी कोई अपराध मत करना।” बहनों की इस अपील ने माहौल को भावुक कर दिया। भाइयों ने भी अपनी बहनों से वादा किया कि वे अपराध की राह छोड़कर बेहतर जिंदगी जीने की कोशिश करेंगे।

रक्षाबंधन के मौके पर जबलपुर संभाग के साथ-साथ आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और बच्चियां अपने भाइयों को राखी बांधने केंद्रीय जेल पहुंचीं। सुबह से ही जेल के बाहर बहनों की भीड़ नजर आई। कई बहनें अपने भाइयों के लिए मिठाई, राखी और पूजा की सामग्री लेकर पहुंचीं।

बारिश भी बहनों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का यह पर्व जेल की चारदीवारी के भीतर भी रिश्तों की गर्माहट लेकर आया। लंबे समय बाद भाई से मिलने पहुंची कई बहनों की आंखों में खुशी के साथ भावुकता भी नजर आई।

वहीं, बड़ी संख्या में बहनों के पहुंचने को देखते हुए जेल प्रबंधन ने भी विशेष इंतजाम किए। राखी बांधने की व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए मुलाकात स्थल पर व्यवस्थाएं की गईं, ताकि बहनों को किसी तरह की परेशानी न हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post