दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कृषि उपज मंडी विजयनगर के एक थोक व्यापारी को झांसे में लेकर 14 लाख 32 हजार रुपये से अधिक का माल ठगने का मामला सामने आया है। मालेगांव (महाराष्ट्र) के दो शातिर व्यापारियों ने पहले नकद भुगतान कर भरोसा जीता, फिर लाखों का मटर और लहसुन उधार लेकर मुकर गए। पीड़ित की शिकायत पर विजयनगर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ओमती अग्रवाल कंपाउंड निवासी पीड़ित मोहम्मद एजाज (57 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि वे विजयनगर मंडी में आलू, प्याज, लहसुन और हरे मटर का थोक कारोबार करते हैं। नवंबर 2025 में महाराष्ट्र के मालेगांव निवासी आरिफ शेख और शरीफ शेख जबलपुर आए थे। शुरुआत में दोनों ने नकद भुगतान कर लहसुन और मटर खरीदा और हर महीने बड़ा ऑर्डर देने का भरोसा दिलाया।
24 नवंबर 2025 को दोनों आरोपी फिर दुकान पहुंचे और भारी मात्रा में माल खरीदने की बात कही। उन्होंने बैंक खाता और एटीएम काम न करने का बहाना बनाया और मालेगांव पहुंचते ही पैसे ट्रांसफर करने का वादा किया। पुराने व्यवहार पर भरोसा करते हुए एजाज ने उन्हें माल दे दिया। ट्रक (MH 30 BD 7577) में 3,24,450 रुपये कीमत का 3,600 किग्रा हरा मटर और दूसरे ट्रक (MH 30 BD 5594) में 5,25,700 रुपये का 3,500 किग्रा लहसुन लोड कराया गया। तीसरे ट्रक (MH 20 GC 9387) में 5,41,500 रुपये मूल्य का 9,000 किग्रा हरा मटर मालेगांव भेजा गया।
कुल 14,32,150 रुपये का माल ले जाने के बाद जब पीड़ित ने भुगतान के लिए फोन किया, तो आरोपी टालमटोल करने लगे। कुछ दिनों बाद आरोपियों ने साफ कह दिया कि "कोई पैसा नहीं देंगे, जो करना है कर लो" और गालियां देते हुए फोन उठाना बंद कर दिया।
पीड़ित की रिपोर्ट पर विजयनगर पुलिस ने आरोपी आरिफ शेख और शरीफ शेख के खिलाफ धारा 318(4), 316(2), 3(5) बीएनएस (BNS) के तहत सुनियोजित धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
