Jabalpur News: पुरानी रंजिश में युवक पर पेट्रोल फेंककर लगाई आग, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; दूसरा फरार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना खितौला क्षेत्र के लखराम मोहल्ला में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना में गंभीर रूप से झुलसे युवक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी फिलहाल फरार है।

बीड़ी पीने के दौरान हुआ हमला

पीड़ित राजकुमार केवट (20 वर्ष), निवासी लखराम मोहल्ला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 अगस्त 2026 की शाम लगभग 6 बजे वह अपने साथी सौरभ बर्मन के साथ विसला वंसकार के घर के पास बैठा था। इसी दौरान मोहल्ले का ही गुरू कुचबंधिया अपने साथी सौरभ कुचबंधिया के साथ वहां पहुंचा। गुरू कुचबंधिया के हाथ में प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल था। पुरानी रंजिश के चलते उसने जान से मारने की नीयत से राजकुमार के चेहरे पर पेट्रोल उड़ेल दिया, जिससे उसके चेहरे और दोनों हाथों के पंजे झुलस गए। साथी सौरभ बर्मन ने किसी तरह आग बुझाई, जिसके बाद आरोपी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।
 
मुख्य आरोपी दबोचा गया

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। एएसपी सूर्यकांत शर्मा एवं एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी खितौला चंद्रकांत झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। 

गठित टीम ने दबिश देकर मुख्य आरोपी गुरू कुचबंधिया (18 वर्ष) को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई पेट्रोल की खाली बोतल भी जब्त कर ली है। खितौला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 109(1), 296(ए), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी सौरभ कुचबंधिया की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post