Jabalpur News update: विजयनगर एसबीआई चौक पर नशे में धुत डॉक्टर ने कार से 6 को रौंदा, 2 की मौत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर के विजय नगर इलाके में शुक्रवार रात को एक दर्दनाक हादसा हुआ। नशे में धुत एक डॉक्टर द्वारा चलाई जा रही तेज रफ्तार कार ने पैदल चल रहे छह लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार घायल हुए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 9:30 बजे विजय नगर इलाके में हुई। डॉक्टर संजय पटेल, जो बीएचएमएस डॉक्टर हैं, नशे की हालत में अपने दोस्त के साथ विजय नगर से दीनदयाल चौक की ओर जा रहे थे। उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मारते हुए डिवाइडर से टकरा गई।

हादसे के बाद डॉक्टर का साथी मौके से फरार हो गया, लेकिन स्थानीय लोगों ने डॉक्टर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। विजय नगर थाना पुलिस और एएसपी आनंद कलादगी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार ने बताया कि कार (MP20 ZE 1572) ने सर्विस रोड पर चलते हुए पैदल यात्रियों को कुचल दिया। इसके बाद सड़क किनारे खड़ी एक कार को भी टक्कर मारी। हादसे में मुन्नी बाई सेन और एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई।

पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है और घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजे गए हैं। पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है।

यह हादसा शराब पीकर वाहन चलाने की लापरवाही का गंभीर उदाहरण है, जिसने कई जिंदगियां बर्बाद कर दीं। 

Post a Comment

Previous Post Next Post