दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पश्चिमी विक्षोभ के असर से जबलपुर सहित पूरे महाकौशल क्षेत्र में ठंड से राहत मिली है, लेकिन यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 और 3 फरवरी को दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाले हैं, जिससे प्रदेश में फिर ठंड बढ़ेगी और बारिश के भी आसार हैं।
दिन में धूप, रात में हल्की ठंड
गुरुवार को न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। दिन के समय तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। हालांकि, सुबह-शाम हल्की ठंड बनी हुई है।
2 फरवरी से फिर बढ़ेगी सर्दी
मौसम विभाग के अनुसार, दो फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंड फिर से लौट सकती है। पश्चिम-उत्तर भारत में 12.6 किमी ऊंचाई पर 278 किमी/घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं, जो मौसम को प्रभावित कर रही हैं।
हल्की बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम भी सक्रिय हो रहा है, जिससे प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। जबलपुर में भी एक फरवरी को बादल छाने और बूंदाबांदी के आसार हैं। इससे दिन का तापमान कुछ कम हो सकता है, लेकिन फिलहाल कड़ाके की ठंड से राहत बनी रहेगी।