दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने रविवार शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 9 आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए। उज्जैन, विदिशा, अशोकनगर और हरदा जिलों के कलेक्टर बदल दिए गए हैं। संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बसंत कुर्रे को हटाकर श्रम विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।
नए आदेश के मुताबिक, उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह को संचालक, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण नियुक्त किया गया है। अशोकनगर कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी को सामान्य प्रशासन विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। हरदा कलेक्टर आदित्य सिंह अब अशोकनगर के कलेक्टर होंगे, जबकि भोपाल के अपर कलेक्टर सिद्धार्थ जैन को हरदा का नया कलेक्टर बनाया गया है।
वहीं, विदिशा कलेक्टर रोशन कुमार सिंह को उज्जैन का कलेक्टर बनाया गया है और संचालक जनसंपर्क अंशुल गुप्ता अब विदिशा के नए कलेक्टर होंगे। इंदौर की अपर कलेक्टर ज्योति शर्मा को जिला पंचायत देवास का सीईओ नियुक्त किया गया है और वर्तमान सीईओ हिमांशु प्रजापति को एमपी औद्योगिक विकास निगम, इंदौर का कार्यकारी संचालक बनाया गया है।