Weather Update: जबलपुर में आंधी-मूसलाधार बारिश की संभावना

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्यप्रदेश में मानसून मौसम विभाग और विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार समय से पहले दस्तक दे सकता है। केरल में पहले ही मानसून पहुंच चुका है और अब यह छत्तीसगढ़ होते हुए मध्यप्रदेश की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहे डिप्रेशन से मानसून को रफ्तार मिल रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह सिस्टम ओडिशा, झारखंड और बिहार होते हुए अगले 10 से 12 दिनों में जबलपुर सम्भाग के बालाघाट व डिंडोरी जिलों से प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो इस बार जून के पहले सप्ताह में ही प्रदेश में मानसून की शुरुआत हो सकती है।

प्री-मानसून की गतिविधियां सक्रिय

फिलहाल जबलपुर और आसपास के जिलों में प्री-मानसून की गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। गुरुवार को तेज गर्मी और उमस के बाद दोपहर में 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चली, जिससे मौसम सुहाना हो गया। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए जबलपुर सहित पूरे सम्भाग में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है। साथ ही 30-31 मई के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। अगले 24 घंटों में प्रदेश के 47 जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी दी गई है।

तापमान में भी गिरावट

गुरुवार को दिनभर बादलों की मौजूदगी रही, जिससे अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 24.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा।

बारिश सामान्य से अधिक होने की संभावना

मौसम विभाग ने इस बार प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना जताई है। मानसून यदि तय समय से पहले प्रवेश करता है और सिस्टम लगातार सक्रिय रहता है, तो किसानों और आमजन को बड़ी राहत मिल सकती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post