दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।संपत्ति विवाद ने जबलपुर के विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कचनारी में एक परिवार को खून से रंग दिया। बुधवार देर रात करीब 1 बजे पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद ने उस वक्त खौफनाक मोड़ ले लिया, जब पिता ने कथित रूप से अपने ही बेटे पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने पुलिस को बताया कि यह हमला सौतेली मां के उकसावे पर हुआ।
पीड़ित 26 वर्षीय आकाश पटेल, जो दीनदयाल चौक का निवासी है, ने घायल अवस्था में माढ़ोताल थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसके मुताबिक, बुधवार रात उसे पिता हेमचंद पटेल का फोन आया, जिसमें कचनारी स्थित घर बुलाया गया। जब वह वहां पहुंचा तो सौतेली मां भी मौजूद थीं। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और सौतेली मां ने न सिर्फ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि मारपीट भी शुरू कर दी।
आकाश के अनुसार, सौतेली मां कमरे में गई और पिस्टल लाकर हेमचंद को सौंपते हुए कहा, 'इसे खत्म कर दो, जिंदा रहेगा तो परेशान करेगा, हक मांगेगा।' इसके बाद पिता ने पहले उसके हाथ पर गोली चलाई। जब आकाश जान बचाकर भागने लगा, तो दूसरी गोली उसके पैर में मार दी गई।
गोली लगने से लहूलुहान आकाश किसी तरह थाने पहुंचा, जहां से उसे तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी
थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी हेमचंद पटेल और उनकी पत्नी (आकाश की सौतेली मां) के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद से दोनों फरार हैं। पुलिस की एक टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में प्रयुक्त हथियार लाइसेंसी था या अवैध रूप से रखा गया था। पूरे मामले में फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।