दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। तिलवारा क्षेत्र में रहने वाले कुख्यात दंपती रेखा और देवेंद्र सोंधिया के खिलाफ सनसनीखेज खुलासा हुआ है। 20 वर्षीय एक पीड़िता ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सूर्यकांत शर्मा से मिलकर आरोप लगाया है कि यह दंपती युवतियों को जबरन देह व्यापार में धकेलता था और फिर उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था।
पीड़िता ने एएसपी को कई वीडियो और फोटो सबूत सौंपे हैं, जिनमें रेखा सोंधिया अपनी महिला साथियों के साथ युवतियों को पीटती नजर आ रही है। युवती का कहना है कि रेखा और देवेंद्र का गिरोह पहले लड़कियों से दोस्ती करता और फिर उन्हें झांसे में लेकर देह व्यापार के जाल में फंसा देता था। विरोध करने पर खुलेआम मारपीट की जाती थी।
![]() |
पीड़िता |
इतना ही नहीं, युवती का आरोप है कि उसे झूठे गांजा तस्करी के केस में भी फंसाया गया था, जिसके चलते उसे एक दिन जेल में बिताना पड़ा।
![]() |
रेखा और देवेंद्र सोंधिया |
पीड़िता ने यह भी दावा किया है कि यदि रेखा के मोबाइल की जांच की जाए, तो शहर की कई अन्य लड़कियों के अश्लील वीडियो बरामद हो सकते हैं।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए गोहलपुर थाना पुलिस को निर्देशित किया है कि पीड़िता के बयान दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस दंपती के खिलाफ शहर के अन्य थानों में क्या-क्या मामले दर्ज हैं।