दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जन सुनवाई का आयोजन किया गया। जन सुनवाई में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने स्वयं शहर व ग्रामीण अंचलों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
जन सुनवाई के दौरान करीब 90 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकतर पति-पत्नी के पारिवारिक विवाद, जमीन संबंधी समस्याएं, मारपीट और साइबर अपराध से जुड़ी थीं। एसपी उपाध्याय ने शिकायतकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
उन्होंने सम्बंधित थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों को सभी शिकायतों पर त्वरित और वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समर वर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक माढ़ोताल/उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय बी.एस. गोठरिया और उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आकांक्षा उपाध्याय भी उपस्थित रहीं।
एसपी के निर्देशानुसार जिले के सभी थानों, चौकियों और कार्यालयों में भी एक साथ जनसुनवाई आयोजित की गई, जहां राजपत्रित अधिकारियों द्वारा शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनी गईं और समाधान की दिशा में कार्रवाई की गई।