दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने आज शुक्रवार को पुलिस लाइंस स्थित परेड ग्राउंड में जनरल परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान परेड पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध जितेन्द्र सिंह, एएसपी जोन-2 सुश्री पल्लवी शुक्ला, एएसपी यातायात सुश्री अंजना तिवारी सहित जिले में पदस्थ समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं विभिन्न थानों से आए 108 अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एसपी उपाध्याय ने उत्कृष्ट टर्नआउट वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने में परेड की अहम भूमिका होती है।
आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से परेड ग्राउंड पर बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें दंगाई बने पुलिस कर्मियों को नियंत्रित करने के लिए टीयर गैस और वाटर कैनन का प्रयोग किया गया। साथ ही अश्रुगैस पार्टी, लाठी पार्टी और केन पार्टी द्वारा अभ्यास किया गया कि दंगाई स्थिति में किस तरह क्रमवार कार्रवाई करनी है और किस प्रकार दंगाइयों को तितर-बितर करना है।
मॉक ड्रिल में एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई, जिसमें जीवन रक्षक उपकरण मौजूद रहे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास कराया गया।
