Jabalpur News: यूकेलिप्टस की लकड़ी से भरा ट्रक जब्त, लाखों की है कीमत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। वन विभाग ने देर रात अमनपुर रोड स्थित एक लकड़ी के टाल पर छापामार कार्रवाई करते हुए यूकेलिप्टस की लकड़ी से भरा ट्रक जब्त किया। जानकारी के अनुसार, यह ट्रक डिंडोरी से जबलपुर बिना वैध परिवहन अनुज्ञा पत्र (टीपी) के लाया गया था। जब्त की गई लकड़ी की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। शहर में प्रतिदिन 10 से 15 ट्रक अवैध रूप से लकड़ी लाए जाते हैं, लेकिन वन विभाग केवल कभी-कभार ही कार्रवाई करता है। सवाल यह है कि जब जबलपुर के चारों ओर वन विभाग के चेकपोस्ट मौजूद हैं, तो ऐसे ट्रक आसानी से शहर के अंदर कैसे पहुंच जाते हैं।

सूत्रों के अनुसार, शुरुआत में कुछ अधिकारियों ने इस मामले को दबाने का प्रयास किया, लेकिन जब जानकारी बड़े अधिकारियों तक पहुंची, तो दबाव में आकर कार्रवाई की गई।

वन विभाग के रेंजर अपूर्व प्रखर शर्मा ने बताया कि अमनपुर क्षेत्र में पकड़े गए ट्रक में यूकेलिप्टस की बल्लियां भरी हुई थीं, जिनके लिए किसी भी प्रकार का टीपी (ट्रांजिट पास) उपलब्ध नहीं था। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश वन अभिवहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post