दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना गोसलपुर पुलिस नेअवैध हथियार के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस जप्त किया है।
थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह मर्सकोले ने बताया कि विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कूड़ा निवासी बीरू उर्फ वीरेन्द्र पटैल अपने घर के पास देशी कट्टा लिए घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश दी और आरोपी को घर पर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने हथियार घर में होने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कमरे से देशी कट्टा और कारतूस बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी बीरू उर्फ वीरेन्द्र पटैल उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम कूड़ा के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने यह हथियार कहां से और किस माध्यम से प्राप्त किया।
गौरतलब है कि आरोपी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, छेड़छाड़, आर्म्स एक्ट, मारपीट और खनिज अधिनियम से जुड़े कुल 8 प्रकरण पहले से दर्ज हैं।
