Jabalpur News: नगर निगम बैठक में हंगामा, कांग्रेस की महिला पार्षद पर टिप्पणी से गरमा गया सदन

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नगर निगम जबलपुर की सामान्य सभा की बैठक के दूसरे दिन सदन में हंगामा देखने को मिला। कांग्रेस पार्षद मुकीमा अंसारी ने अपने वार्ड की समस्याएं उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था खराब है, पानी की आपूर्ति प्रभावित है और सड़कें जर्जर हालत में हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर तो जबलपुर को मिल गया है, लेकिन उनके वार्ड से होकर जाने वाली फ्लाईओवर तक की सड़क पूरी तरह खराब है, जिसे बार-बार ध्यान दिलाने के बावजूद ठीक नहीं किया गया।

इसी दौरान एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी ने कटाक्ष करते हुए टिप्पणी कर दी – “अगर आप चल नहीं सकतीं तो वैसाखी लेकर चलिए।” यह सुनते ही विपक्षी पार्षद भड़क उठे और सदन में जोरदार नारेबाजी शुरू हो गई। विपक्ष ने एक सुर में दामोदर सोनी से माफी की मांग की।

विपक्ष की नारेबाजी के बीच सत्ता पक्ष के पार्षद भी खड़े हो गए और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सत्ता पक्ष की महिला पार्षदों ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी समय-समय पर महिलाओं का अपमान करते रहे हैं, इसलिए कांग्रेस को भी माफी मांगनी चाहिए।

लगातार बढ़ते हंगामे को देखते हुए नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज ने कार्यवाही को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया। वहीं, विपक्ष अड़ा रहा कि जब तक दामोदर सोनी सदन में खड़े होकर माफी नहीं मांगेंगे, तब तक सदन की कार्यवाही नहीं चलने देंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post