Jabalpur News: दो नकली किन्नर गिरफ्तार, बधाई के नाम पर करते थे वसूली, ट्रेन के बाथरूम में बदलते थे कपड़े

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रेलवे पुलिस बल (RPF) ने देर रात मदनमहल स्टेशन के पास कार्रवाई करते हुए दो नकली किन्नरों को पकड़ा। आरोपी पन्ना जिले के निवासी उमेश कुमार दहायत और उसके भाई रजनीश कुमार दहायत हैं, जो नरसिंहपुर में किराए का कमरा लेकर रहते थे। ये दोनों ट्रेन में चढ़कर बाथरूम में महिलाओं के कपड़े और मेकअप कर यात्रियों से बधाई और त्योहारों के नाम पर अवैध वसूली करते थे। पैसे न देने वालों के साथ अभद्रता और मारपीट तक करते थे।

आरपीएफ प्रभारी सुजीत कुमार को रेल कंट्रोल से सूचना मिली थी कि वेरावल-जबलपुर सोमनाथ एक्सप्रेस में दो किन्नरों ने यात्री विनोद जैन से मारपीट की है। सूचना पर टीम सक्रिय हुई और जांच के बाद दोनों आरोपियों को मदनमहल स्टेशन के पास से पकड़ लिया। तलाशी में उनके बैग से महिलाओं के कपड़े मिले।

आरोपी घर से पुरुषों के कपड़े पहनकर निकलते और ट्रेन में चढ़ने के बाद बाथरूम में जाकर किन्नर का वेश धारण कर लेते। आरपीएफ टीम नजर आती तो तुरंत कपड़े बदलकर आम यात्री बन जाते। यही तरीका अपनाकर वे लंबे समय से यात्रियों से वसूली कर रहे थे।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी नरसिंहपुर के रौसरा में अपने साथियों संग किराए के मकान में रहते थे। उनका नेटवर्क श्रीधाम से गाडरवारा तक सक्रिय है। आरोपियों ने खुलासा किया कि गंगा और काजल नाम की किन्नर भी उनके साथ वसूली में शामिल हैं। इनका गुरू पायल किन्नर है, जिसे ये प्रतिदिन 500 रुपए “हिस्सेदारी” के रूप में देते थे।

आरपीएफ अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है। टीम का मानना है कि यह गैंग ट्रेनों में यात्रियों से अवैध वसूली कर काफी समय से सक्रिय था।

Post a Comment

Previous Post Next Post