Morena News: दोस्तों के साथ नहाने गया 13 वर्षीय मासूम क्वारी नदी में डूबा, देर रात तक नहीं मिला सुराग

दैनिक सांध्य बन्धु मुरैना। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की क्वारी नदी में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां 13 वर्षीय नैतिक वाल्मीक अपने चार दोस्तों के साथ नहाने गया था, लेकिन गहराई में जाने से वह डूब गया। देर रात तक SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन बच्चे का पता नहीं चल सका।

जानकारी के मुताबिक, नैतिक अपने दोस्तों के साथ दोपहर 3 बजे क्वारी नदी पहुंचा था। नहाते समय वह अचानक गहराई में चला गया। दोस्तों को लगा कि वह ऊपर आ जाएगा, लेकिन काफी देर तक बाहर न निकलने पर सभी घबरा गए।

घटना देखकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोस्तों से घर का पता पूछा, लेकिन उन्होंने जानकारी देने से इनकार कर दिया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने नैतिक के घर वालों को खबर दी और SDRF को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

शहर की गल्ला मंडी के पास रहने वाला नैतिक वाल्मीक घर से दोस्तों के साथ खेलने निकला था। अचानक सभी ने नहाने का प्लान बनाया और नदी पहुंच गए। परिवार को इसकी भनक तक नहीं थी। थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला ने बताया कि SDRF लगातार तलाश कर रही है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।

Post a Comment

Previous Post Next Post