दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली (एजेंसी)। बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु को यूथ कांग्रेस प्रभारी के पद से हटा दिया गया है। कांग्रेस हाई कमांड ने इसके लिए आधिकारिक लेटर जारी किया है। उनकी जगह अब मनीष शर्मा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कर्नाटक के रहने वाले कृष्णा अल्लावरु यूथ कांग्रेस के जाने-माने नेताओं में शामिल हैं और लंबे समय से बिहार में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। फरवरी 2025 में उन्हें बिहार प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया था, जो बिहार विधानसभा चुनाव (2025) से ठीक पहले पार्टी की चुनावी रणनीति को मजबूत करने का बड़ा कदम माना गया।
कृष्णा अल्लावरु को पूर्व में राहुल गांधी का विश्वासपात्र भी माना जाता रहा है। उनके कार्यकाल में कांग्रेस ने बिहार में गुटबाजी रोकने और टिकट वितरण को मेहनती कार्यकर्ताओं तक सीमित करने पर जोर दिया। उनकी जगह अब मनीष शर्मा को यूथ कांग्रेस प्रभारी बनाकर संगठन को नई दिशा देने का प्रयास किया गया है।
