उमा भारती बोलीं- 2029 का चुनाव झांसी से ही लड़ूंगी: गोपाष्टमी पर करेंगी गो-संवर्धन अभियान का शुभारंभ, बोलीं- लाड़ली बहनों को मिलें 2 गायें

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि वे 2029 का लोकसभा चुनाव झांसी से ही लड़ेंगी। बुधवार को भोपाल में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा – “लड़ूंगी तो झांसी से ही लड़ूंगी, और पार्टी कहेगी तो चुनाव जरूर लड़ूंगी, मना नहीं करूंगी।”

उमा भारती ने स्पष्ट किया कि वे राजनीति से दूर नहीं हैं, बल्कि गाय और गंगा के संरक्षण के कार्य में लगी हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान राजनीति से जुड़ा नहीं, बल्कि आस्था और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कदम है।

उन्होंने बताया कि गोपाष्टमी (29 अक्टूबर) को वे गो-संवर्धन अभियान का शुभारंभ करेंगी, जो करीब डेढ़ साल तक चलेगा। इस अभियान में ग्राम पंचायतों और किसानों का सहयोग लिया जाएगा। उमा भारती ने सुझाव दिया कि “लाड़ली बहनों को दो-दो गाय दी जाएं, क्योंकि वे ही सबसे अच्छे ढंग से गो-पालन कर सकती हैं। गाय तभी बचेगी जब किसान चाहेगा।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि 4 नवंबर को गंगा सफाई अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें देश के कई राज्यों के प्रमुख लोग प्रयागराज पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हालिया बयान पर टिप्पणी करते हुए उमा भारती ने कहा – “राजनेता को शास्त्र मर्मज्ञ बनने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।”

Post a Comment

Previous Post Next Post