बिहार चुनाव में हार के बाद RJD की बड़ी बैठक, तेजस्वी विधायक दल के नेता चुने गए; रिजल्ट पर कोर्ट जाने की तैयारी

दैनिक सांध्य बन्धु पटना (एजेंसी)। बिहार विधानसभा चुनाव में हार के तीन दिन बाद RJD ने गहन मंथन शुरू कर दिया है। पटना स्थित एक पोलो रोड पर तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पर हुई विधायक दल की अहम बैठक में तेजस्वी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। बैठक में जीते और हारे सभी उम्मीदवारों को बुलाया गया था।

करीब 4 घंटे चली इस मीटिंग में लालू प्रसाद, राबड़ी देवी, मीसा भारती, जगदानंद सिंह और सूरजभान सिंह सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में चुनावी हार की समीक्षा की गई और कई नेताओं ने गड़बड़ियों के आरोप भी उठाए। विधायक आलोक मेहता ने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी हुई है, इसलिए ऐसा रिजल्ट आया।

मटिहानी के विधायक बोगो सिंह ने दावा किया कि चुनाव के दौरान 10-10 हजार रुपए बांटे गए और जीविका दीदियों का वोट खरीदा गया। कई नेताओं ने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

पार्टी सूत्रों के अनुसार तेजस्वी यादव हारने वाले सभी प्रत्याशियों से व्यक्तिगत रूप से फीडबैक लेंगे। बैठक में बूथ मैनेजमेंट की कमी, टिकट वितरण की खामियां, संगठनात्मक मुद्दे और स्थानीय असंतोष जैसे कारणों पर विस्तृत चर्चा की गई।

इधर शाम में राबड़ी देवी के आवास के बाहर RJD समर्थकों ने रोहिणी के समर्थन में नारेबाजी की और संजय यादव के खिलाफ विरोध जताया। समर्थक “संजय यादव को हरियाणा भेजो” के नारे लगा रहे थे।

बैठक में यह भी तय किया गया कि चुनाव परिणामों को लेकर कोर्ट जाने पर महागठबंधन के नेताओं से राय ली जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post