दिल्ली ब्लास्ट केस: आतंकी उमर का श्रीनगर से एक और साथी गिरफ्तार, IED और ड्रोन मॉडिफिकेशन में मदद का आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली (एजेंसी)। दिल्ली के लाल किले के पास 10 नवंबर को हुई कार ब्लास्ट घटना में NIA को बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने श्रीनगर से आतंकी उमर के साथी जसीर बिलाल वानी उर्फ दानिश को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि जसीर आतंकी उमर को टेक्निकल सपोर्ट देता था, ड्रोन मॉडिफाई करता था और रॉकेट बनाने की भी कोशिश की थी। NIA के अनुसार, जसीर ब्लास्ट की प्लानिंग में उमर का प्रमुख सहयोगी था।

दिल्ली में गिरफ्तार आमिर राशिद अली के बारे में खुलासा हुआ कि उसने ब्लास्ट से पहले उमर को सेफ हाउस दिया था और IED बनाने में भी मदद की। उसकी कार ही इस हमले में इस्तेमाल हुई थी। NIA ने कोर्ट में लंबी कस्टडी की मांग की। सुनवाई बंद कमरे में हुई।

अब तक इस मामले में 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें 5 डॉक्टर शामिल हैं।

जांच एजेंसियों को शक है कि ब्लास्ट में शू बॉम्ब का इस्तेमाल हुआ। कार से मिले जूते में TATP और अमोनियम नाइट्रेट के ट्रेस पाए गए हैं। TATP को अत्यंत संवेदनशील विस्फोटक माना जाता है और इसे ‘Mother of Satan’ भी कहा जाता है। NIA ने पुष्टि की है कि कार चलाने वाला डॉ. उमर नबी एक सुसाइड बॉम्बर था। धमाके में अब तक 15 लोगों की मौत और 20 से ज्यादा घायल हुए हैं।

एजेंसियां अब उमर के पूरे रूट को 50 से ज्यादा CCTV फुटेज के आधार पर रीक्रिएट करेंगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि फरीदाबाद से दिल्ली तक उसकी मदद किसने की। घटनास्थल से 9mm की तीन गोलियां भी मिली हैं, जिनमें से दो जिंदा कारतूस हैं। मौके पर कोई हथियार नहीं मिलने पर यह जांच जारी है कि कारतूस वहां कैसे पहुंचे।

Post a Comment

Previous Post Next Post