नीतीश कैबिनेट में 36 मंत्री शामिल होंगे: BJP के 16, JDU के 15; चिराग को 3 और मांझी-कुशवाहा को 1-1 पद

दैनिक सांध्य बन्धु पटना (एजेंसी)। बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने जानकारी दी कि नई कैबिनेट में 35 से 36 मंत्री शामिल होंगे। इनमें 16 मंत्री बीजेपी के, 15 जेडीयू के, 3 लोजपा (आर) के और हम व रालोमो से 1-1 मंत्री होंगे। गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी जारी है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।

नीतीश ने विधानसभा भंग करने का प्रस्ताव सौंपा

सोमवार को मौजूदा कैबिनेट की आखिरी बैठक हुई, जिसमें विधानसभा को 19 नवंबर को भंग करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मुलाकात कर पत्र सौंपा। नीतीश 20 नवंबर को गांधी मैदान में 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

दिल्ली और पटना में तेज हुई सियासी हलचल

दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के बीच बिहार सरकार के गठन को लेकर बैठक हुई। पटना में भाजपा, लोजपा (आर), हम और रालोमो के नेताओं ने नीतीश कुमार से मुलाकात की। मंगलवार को एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक में नीतीश को नेता चुना जाएगा।

गांधी मैदान में 17 से 20 नवंबर तक आम लोगों की एंट्री बंद

शपथ ग्रहण के लिए गांधी मैदान में तैयारियां जारी हैं। 17 से 20 नवंबर तक आम लोगों की एंट्री बंद रहेगी। तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था में 500 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।

एनडीए को मिली ऐतिहासिक जीत

विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 202 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत हासिल किया है। महागठबंधन 35 सीटों पर सिमट गया। सीमांचल में AIMIM ने राजद के वोट बैंक को गहरा नुकसान पहुंचाया। चिराग पासवान, जीतनराम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टियों का प्रदर्शन भी प्रभावी रहा।

बिहार की नई सरकार के गठन और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर पूरे प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज है।

Post a Comment

Previous Post Next Post