दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली (एजेंसी)। सऊदी अरब में सोमवार देर रात मक्का से मदीना जा रही उमरा यात्रियों की बस डीज़ल टैंकर से भिड़ जाने के बाद आग लगने से 45 भारतीयों की मौत हो गई। मृतकों में 18 महिलाएं, 17 पुरुष और 10 बच्चे शामिल हैं। हादसे में केवल एक व्यक्ति—24 वर्षीय मोहम्मद अब्दुल शोएब—जिंदा बचा, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मारे गए लोगों में 18 सदस्य हैदराबाद के एक ही परिवार से थे, जो शनिवार को भारत लौटने वाले थे। कुल 54 लोग 9 नवंबर को हैदराबाद से उमरा के लिए सऊदी गए थे, जिनमें से 46 बस में सवार थे। हादसा मदीना से लगभग 25 किलोमीटर दूर मुहरास क्षेत्र में भारतीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे हुआ, जब ज्यादातर यात्री सो रहे थे।
तेलंगाना सरकार ने मृतकों के परिवारों को 5–5 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है और पीड़ितों की पहचान व कानूनी औपचारिकताओं के लिए रियाद स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क में है। अब तक 12 भारतीयों की पहचान की जा चुकी है।
जेद्दा स्थित भारतीय दूतावास ने 24×7 हेल्पलाइन जारी की है—8002440003, जबकि तेलंगाना सरकार ने परिजनों के लिए दो कंट्रोल रूम नंबर जारी किए हैं—79979-59754 और 99129-19545।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। केंद्र सरकार ने आश्वासन दिया है कि सभी पीड़ितों और उनके परिवारों को पूरी मदद दी जाएगी और शवों को जल्द भारत लाने की प्रक्रिया तेज की जा रही है।