दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर के मोतीझील (पुरानी छावनी) इलाके में एक महिला के साथ उसके ही पति के दोस्त ने मारपीट कर रेप कर दिया। पति कुछ दिनों से गांव गया हुआ था और इसी दौरान आरोपी सुनील कुमार घर में ही ठहरा था। रविवार सुबह मौके का फायदा उठाकर उसने महिला पर हमला किया और लात-घूंसों से पीटते हुए जबरदस्ती की।
पीड़िता मुरैना निवासी है और मोतीझील में पति, दो बेटों व देवर के साथ रहती है। पति का दोस्त सुनील कई महीनों से घर आता-जाता था, इसलिए भरोसे में आकर महिला ने उसे शनिवार रात कमरे में रुकने की अनुमति दे दी थी।
रविवार सुबह दोनों बेटे सैर पर निकले तो आरोपी महिला के कमरे में पहुंचा। विरोध करने पर उसने पीड़िता को बेरहमी से पीटकर काबू किया और उसके साथ रेप किया। वारदात के बाद आरोपी ने महिला को धमकाया कि बात बाहर बताई तो वह बच्चों समेत जान से मार देगा।
इसी दौरान महिला की चीखें सुनकर देवर और बेटा कमरे में पहुंचे। उन्होंने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और धुनाई के बाद पुलिस को सौंप दिया।
पुरानी छावनी थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी सुनील कुशवाह के खिलाफ रेप, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मेडिकल सहित आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।