दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुख्यात बदमाश छोटू चौबे उर्फ सुयश के पिता और इनामी आरोपी शेखर चौबे को क्राइम ब्रांच ने प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। शेखर चौबे पर पुलिस ने 3 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि शेखर चौबे प्रयागराज में फरारी काट रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद क्राइम ब्रांच की टीम को प्रयागराज के लिए रवाना किया गया। वहां पहुंचकर टीम ने संभावित ठिकाने पर दबिश दी और शेखर चौबे को गिरफ्तार कर लिया।
अवैध हथियारों के मामले में नाम सामने आया
पुलिस द्वारा पूर्व में की गई कार्रवाई के दौरान सामने आया था कि शेखर चौबे ने फरार आरोपी शेख आदिल को छिपने के लिए मकान और संरक्षण उपलब्ध कराया था। इसी मकान से पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए थे।
पुलिस के अनुसार शेख आदिल पर अनिराज नायडू हत्याकांड और ग्वारीघाट में जानलेवा हमले के मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे लार्डगंज थाना क्षेत्र की भूलन बस्ती में एक मकान के कमरे के लॉफ्ट में छिपे हुए गिरफ्तार किया था।
छोटू चौबे के इशारे पर हत्या का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया था कि शेख आदिल कुख्यात गैंगस्टर छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे की गैंग का सक्रिय सदस्य है। पुलिस के मुताबिक, आदिल ने पूछताछ में बताया था कि उसने छोटू चौबे के कहने पर अनिराज नायडू की हत्या की थी। इसके अलावा रतन यादव पर गोली चलाने वाले शूटरों को हथियार और कारतूस उपलब्ध कराने में भी छोटू चौबे और आदिल की भूमिका सामने आई थी।
मकान से बरामद हुए थे हथियार और मोबाइल
पुलिस ने पूर्व कार्रवाई में शेख आदिल के कब्जे से 3 देशी पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 4 कट्टे, 2 एयर गन, 54 जिंदा कारतूस, 68 चले हुए खाली खोखे और 23 मोबाइल फोन सहित बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए थे। इस मामले में शेख आदिल, शेखर चौबे, छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे और बाबू सिंधी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
गौरतलब है कि छोटू चौबे की लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ एनएसए (NSA) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध कराया है।
