जबलपुर में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बोले - लालू यादव का तिलस्म खत्म, आरजेडी बनी ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोमवार को जबलपुर में आरजेडी और इसके प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “लालू यादव का पूरा तिलस्म अब खत्म हो चुका है। आरजेडी एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनकर रह गई है, जो अब फिर से खड़ी नहीं हो सकेगी।”

वे यहां बैंबू से तैयार होने वाले विशेष सॉफ्ट फाइबर के उत्पादन और नर्सरी के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने बिहार की राजनीति, एनडीए की जीत और जातीय समीकरणों पर भी खुलकर अपनी बात रखी।

मोदी-नीतिश ने तोड़े जातीय बंधन

गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने जाति-आधारित राजनीति की जंजीर तोड़ दी। उन्होंने दावा किया कि बिहार में 90 के दशक से लेकर 15 साल तक लालू यादव के शासन में जातीय वैमनस्य बढ़ा था।

उनके मुताबिक, जहां आरजेडी ने एम-वाय (मुस्लिम-यादव) समीकरण पर राजनीति की, वहीं मोदी और नीतिश ने नया ‘एमवाई’—महिला और युवा—का मजबूत समीकरण बनाया, जिसने चुनाव में निर्णायक जीत दिलाई।

परिवारवाद पर कड़ा प्रहार

आरजेडी को “प्राइवेट लिमिटेड कंपनी” बताते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि लालू परिवार के कारण पार्टी में आंतरिक संघर्ष खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। “यह कंपनी अब बैठ गई है, और दोबारा उठने वाली नहीं है,” उन्होंने कहा।

मैथिली ठाकुर के बारे में पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे विधायक बनी हैं और अब उनके सामने बड़ी जिम्मेदारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post