विवेक तंखा का बिहार नतीजों पर तंज: “महिलाओं को 10 हजार देना रिश्वत जैसा, नहीं लगा था BJP–नीतीश गठबंधन इतना लोकप्रिय है”

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर महागठबंधन की करारी हार के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएँ लगातार सामने आ रही हैं। इसी क्रम में राज्यसभा सांसद विवेक तंखा ने भी शुक्रवार को आए परिणामों पर तीखी टिप्पणी की। एक्स (पूर्व ट्विटर) पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए तंखा ने लिखा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि भाजपा और नीतीश कुमार का गठबंधन इतनी ज्यादा लोकप्रियता हासिल करेगा।

तंखा ने चुनाव पूर्व महिला मतदाताओं को 10 हजार रुपये देने की पहल को सीधी-सीधी चुनावी रिश्वत करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम चुनाव की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने वाला था।

सांसद तंखा ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि “पक्षपाती चुनाव आयोग ने प्रजातांत्रिक व्यवस्था पर जनता के भरोसे को खत्म कर दिया है।”

उन्होंने आगे लिखा कि बिहार के नतीजे चौंकाने वाले हैं और यह कभी महसूस नहीं हुआ था कि भाजपा–जेडीयू गठबंधन को इतनी बड़ी लोकप्रियता मिल सकती है।

बिहार में महागठबंधन की हार के बाद विपक्ष लगातार चुनाव आयोग और सरकार पर सवाल उठा रहा है, जबकि एनडीए नेताओं ने इसे जनता के विश्वास की जीत बताया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post