बिहार से देश की पहली स्लीपर वंदे भारत की शुरुआत: पटना से दिल्ली का सफर सिर्फ 8 घंटे में

दैनिक सांध्य बन्धु पटना। देश की सबसे आधुनिक और तेज रफ्तार ट्रेन वंदे भारत स्लीपर अब बिहार से राजधानी दिल्ली के लिए दौड़ने को तैयार है। इसी महीने पटना–नई दिल्ली के बीच इस हाईस्पीड ट्रेन की शुरुआत होने जा रही है। यह ट्रेन 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी और यात्रियों को लग्जरी होटल जैसा आराम देने का दावा किया गया है।

इस स्लीपर वर्जन में 16 कोच होंगे, जिनमें AC-3 के 11, AC-2 के 4 और AC-1 का 1 कोच शामिल होगा। कुल 827 यात्रियों की क्षमता वाली यह ट्रेन लंबी दूरी की रात की यात्रा को बेहद आरामदायक बनाने के लिए डिजाइन की गई है। ट्रेन के अंदर का इंटीरियर फ्लाइट और प्रीमियम होटल जैसे अनुभव देने वाला होगा।

ट्रेन के दौड़ने के दौरान भी यात्रियों को झटकों का अहसास नहीं होगा और कप में रखी चाय तक नहीं गिरेगी। इसमें गर्म पानी से नहाने की सुविधा, टच-फ्री बायो-वैक्यूम टॉयलेट, वाई-फाई, रियल-टाइम सूचना सिस्टम, मॉड्यूलर पैंट्री और आरामदायक बर्थ जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं दी गई हैं। दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं भी रखी गई हैं।

रेलवे के अनुसार, यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलेगी। पटना से यह शाम में रवाना होकर सुबह दिल्ली पहुंचेगी और दिल्ली से शाम को चलकर सुबह पटना पहुंचेगी। इसकी अधिकतम गति 180 किमी प्रति घंटा होगी, जबकि परिचालन गति 160 किमी प्रति घंटा रखी जाएगी।

इस ट्रेन के रैक का निर्माण बेंगलुरु स्थित BEML फैक्ट्री में किया गया है और ट्रायल रन के बाद इसे नए साल से पहले नियमित सेवा में लाने की तैयारियां चल रही हैं।

देशभर में फिलहाल 164 वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं, लेकिन स्लीपर वर्जन का यह देश का पहला नियमित रूट माना जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post